फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Commission Of India: 'लापता जेंटलमैन कहा गया...' पर वोटिंग का विश्व रिकॉर्ड बना, यही लोकतंत्र की ताकत

Tue, 04 Jun 2024 08:12 AM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

किसी भी मतगणना केंद्र के एक हॉल में कुल 15 टेबल लगी होती है। 14 टेबल गिनती के लिए और एक रिटर्निंग ऑफिसर के लिए होती है। डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले रिटर्निंग ऑफिसर के टेबल पर की जाती है।
विज्ञापन
चुनाव आयुक्त राजीव कुमार - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 लोकसभा चुनाव के इतिहास में पहली बार नतीजों से एक दिन पहले चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सवालों के जवाब दिए, रिकॉर्ड बनाने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया, तो साथ ही उसकी पीड़ा भी सामने आई। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, हम पर झूठे आरोप लगाए गए। हमें लापता जेंटलमैन कहा गया, लेकिन इसी दौरान देश में वोटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना। यह हमारे लोकतंत्र की ताकत है।
विज्ञापन

राजीव कुमार ने विपक्ष के आरोपों और उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, हम पूरी प्रक्रिया में मुस्तैदी के साथ मौजूद थे। मगर, शक का इलाज तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं है। हमें लगा था कि हम पर देश के बाहर से हमले होंगे, लेकिन देश के अंदर से ही हम पर आरोप लगाए गए। इन आरोपों पर राजीव कुमार ने शायराना अंदाज में कहा, आजकल इल्जामातों का दौर बुलंद है, तल्खियों का बाजार गर्म है, मंजूर है इल्जाम लगाओ मगर, शर्त इतनी है सबूत साथ लाया करें।
सीईसी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता उल्लंघन की कुल 4.56 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 99.9 फीसदी शिकायतों का निपटारा किया गया। पांच हजार शिकायतें प्रतिबंध के बाद भी चुनाव प्रचार की, 3 हजार बिना इजाजत रैली, 3 हजार शिकायतें लाउड स्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक भाषणों की मिलीं, 2 हजार से ज्यादा शिकायतें हथियार दिखाने और धमकाने की मिलीं। इनमें करीब 87 फीसदी शिकायतों को 100 मिनट के भीतर निपटाया गया। इसके अलावा 495 बड़ी शिकायतें मिलीं, जिनमें से 90 फीसदी से ज्यादा का निपटारा किया गया।
विज्ञापन


मतगणना में गलती की गुंजाइश नहीं: सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि मतगणना में गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। जैसे मतदान की योजना बनाई गई, वैसे ही मतगणना की भी ठोस योजना है। 10.50 लाख बूथ पर एक हॉल में 14 टेबल। 8,000 से ज्यादा उम्मीदवारों को मिले मतों की गणना होगी। इस दौरान 30 से 35 लाख लोग मतगणना केंद्रों के बाहर मौजूद रहेंगे। वहां माइक्रो ऑब्जर्वर होंगे। इस तरह करीब 70 -80 लाख लोगों के बीच यह काम होगा, जिसमें कहीं से कोई गलती हो ही नहीं सकती। पूरी पारदर्शिता से काम होगा।

हर राउंड के नतीजे दिखाए जाएंगे
उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों के साथ हुई बैठक में यह मांग रखी गई कि सीसीटीवी फुटेज में दिन और तारीख दिखाई जाए, इसके अलावा प्रत्येक राउंड के नतीजों को डिस्प्ले किया जाए। हमने ये मांगें स्वीकार की हैं। राजीव कुमार ने कहा, जो काउंटर पर बैठते हैं, जो कंटेस्ट करते उनकी तरफ से अक्सर कोई शिकायत नहीं होती है। लेकिन फिर भी कुछ लोग सिर्फ गलत मंशा से उपद्रव करने के लिए शिकायत करते हैं। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा।

ऐसे होगी गिनती...पहले डाक मतपत्र, फिर ईवीएम की बारी
किसी भी मतगणना केंद्र के एक हॉल में कुल 15 टेबल लगी होती है। 14 टेबल गिनती के लिए और एक रिटर्निंग ऑफिसर के लिए होती है। डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले रिटर्निंग ऑफिसर के टेबल पर की जाती है। डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होने के 30 मिनट बाद ही ईवीएम से मतों की गिनती शुरू होती है। किसी संसदीय क्षेत्र में डाक मतपत्र नहीं होने पर ईवीएम से मतों की गिनती निर्धारित समय पर शुरू की जा सकती है।

बेहद अहम है फाॅर्म 17सी व ईवीएम की कंट्रोल यूनिट
  •  मतों की गिनती के लिए मतदान केंद्र में इस्तेमाल ईवीएम की केवल कंट्रोल यूनिट (सीयू) और फॉर्म 17सी की आवश्यकता होती है।
  •  ईवीएम की सीयू से मतों की गिनती से पहले मतगणना अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उन पर लगी पेपर सील बरकरार है और डाले गए कुल वोट फॉर्म 17सी में लिखे मतों से मेल खाते हैं।
  • कंट्रोल यूनिट का परिणाम गणना पर्यवेक्षक, माइक्रो पर्यवेक्षक और उम्मीदवारों के गणना एजेंटों को दिखाने के बाद फार्म 17सी के भाग-2 में दर्ज किया जाएगा।
  • कंट्रोल यूनिट के डिस्प्ले पैनल में परिणाम प्रदर्शित न होने की स्थिति में सभी सीयू की गणना पूरी होने के बाद संबंधित वीवीपैट की वीवीपैट पर्चियों की गणना की जाएगी।
  •  हर कंट्रोल यूनिट का उम्मीदवारवार परिणाम फार्म 17सी के भाग-2 में दर्ज किया जाएगा तथा मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना मेज पर मौजूद उम्मीदवारों के मतगणना एजेंटों के उस पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे।
  • प्रत्येक मतदान केंद्र का फार्म 17सी उस अधिकारी को भेजा जाएगा जो फार्म 20 में अंतिम परिणाम शीट एकत्र कर रहा है।

हर विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों की वीवीपैट पर्चियों की गणना
वीवीपैट पर्चियों की गिनती कंट्रोल यूनिट से वोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही शुरू होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र/संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बेतरतीब रूप से चयनित पांच मतदान केंद्रों की वीवीपैट पर्चियों का अनिवार्य सत्यापन मतगणना पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें