गुरदासपुर से सांसद सनी देओल की सदस्यता पर खतरा मंडरा सकता है। लोकसभा चुनाव 2019 लडने के दौरान अनाप-शनाप पैसा खर्च करने के मामले में पंजाब कांग्रेस ने उनकी शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि देओल ने चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव में तय सीमा 70 लाख से अधिक खर्च किया है, लिहाजा आयोग कड़ी कार्रवाई करे। इस पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि उन्हें कार्रवाई के लिए 27 जून तक आने वाली व्यय समिति की रिपोर्ट का इंतजार है।
गुरदासपुर चुनाव अधिकारी के मुताबिक उम्मीदवारों के खर्चों के ब्यौरे और उनके सत्यापन का काम 27 जून तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सनी पर लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान तय सीमा से ज्यादा पैसा खर्च करने का मामले साबित होता है तो त्वरित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उनके संज्ञान में देओल के अतिरिक्त खर्चे के रूप में लगभग 15 लाख रूपये से ज्यादा तय रकम से अधिक खर्च होने की बात आई है, लेकिन इस पर कार्रवाई और टिप्पणी जांच के बाद ही की जाएगी।
इस जांच रिपोर्ट आधार पर तय होगा कि देओल ने चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है या नहीं। इसके बाद यदि देओल ने तय सीमा से अधिक खर्च किया होगा तो उनकी सदस्यता भी समाप्त हो सकती है, क्योंकि चुनाव आयोग के नियमानुसार प्रत्येक उम्मीदवार को चुनावी खर्च में तय सीमा का पालन करना अनिवार्य है। इस स्थिति में आयोग दूसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवार को विजेता घोषित कर सकता है।
गुरदासपुर चुनाव के दौरान व्यय समिति का काम देख रहे अधिकारी के मुताबिक सनी देओल पर इससे पहले मई में भी पंजाब कांग्रेस ने अत्याधिक पैसा खर्च करने का आरोप लगाया था। ताजा मामले में कहा गया है कि सनी ने चुनाव के दौरान जो रुपये खर्च तैयार किए हैं, वह तय मानकों से कहीं ज्यादा हैं।