देश में कोरोना संकट और बाढ़ के हालात को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने आठ सीटों पर उपचुनावों को फिलहाल टालने का फैसला लिया है। अगली तारीखों को लेकर आयोग की समिति शुक्रवार को बैठक में चर्चा करेगी।
निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, कोरोना महामारी और बाढ़ की वजह से कुछ इलाकों में हालत काफी गंभीर है जिसके कारण उपचुनावों को टालने का फैसला लिया गया है। छह महीने में खाली हुई सीट को भरने के नियम के तहत बिहार की वालमीकि नगर सीट पर लोकसभा और यूपी व तमिलनाडु की दो व असम, मध्य प्रदेश और केरल की एक-एक सीट पर 7 सितंबर के पहले तक उपचुनाव होने थे।
हमने जब हालात की समीक्षा की तो इस स्थिति में चुनाव कराना मुश्किल है। ऐसे में विधि मंत्रालय को पत्र लिखकर इन सीटों पर उपचुनाव टालने की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि अब इन सीटों पर उपचुनाव की तारीखों को लेकर शुक्रवार को बैठक में चर्चा होगी।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि कुल 56 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उप चुनाव होने हैं। लेकिन छह महीने वाले नियम के तहत आठ सीटों पर उपचुनाव की समय सीमा 7 सितंबर को खत्म हो रही थी। इसलिए अभी इन आठ सीटों को लेकर ही निर्णय लिया गया है। शेष 49 सीटों पर उपचुनाव सात सितंबर के बाद भी कराए जा सकते हैं। इसलिए इन पर फैसला आगे की स्थिति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।