दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान मंगलवार को कर दिया गया। निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली में चुनाव से जुड़ी जानकारियां भी दीं। इसके अलावा आयोग ने बीते वर्षों में चुनाव की पवित्रता को लेकर लगाए गए एक-एक आरोप पर भी जवाब दिया है। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम को लेकर तो कई बार बहुत कुछ कहा गया है। कहा गया कि वोटर टर्नआउट बढ़ जाता है 5 बजे के बाद। बैट्री का मुद्दा, बूथ पर वोटर की संख्या के मिसमैच और काउंटिंग के मिसमैच का मुद्दा भी उठा है। आज हम इन सभी सवालों के जवाब देना चाहते हैं।
सीईसी ने कहा, "सवाल पूछने का अधिकार लोकतंत्र में दिया गया है। हम भी इस अधिकार का सम्मान करते हैं। इन सभी सवालों की इज्जत रखते हुए हम इन सवालों का जवाब देंगे। सब सवाल अहमियत रखते हैं, जवाब तो बनता है। आदतन कलमबंद जवाब देते रहे, आज रूबरू भी बनता है। क्या पता कल हम हो न हों, आज जवाब तो बनता है, आज जवाब तो बनता है।"