पश्चिम बंगाल में रविवार को चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के नेता शायंतन बसु और तृणमूल कांग्रेस की नेता सुजाता मंडल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके चुनाव प्रचार पर 24 घंटे की रोक लगा दी है।
चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा नेता शायंतन बसु ने उकसाने वाला बयान दिया था जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। वहीं, टीएमसी नेता सुजाता मंडल पर यह प्रतिबंध एक टीवी चैनल के इंटरव्यू के दौरान उनके अनुसूचित जाति के खिलाफ टिप्पणी को लेकर लगाया गया है। यह प्रतिबंध 18 अप्रैल शाम 7 बजे से 19 अप्रैल शाम 7 बजे तक के लिए लगा है।
वहीं इससे पहले चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं बंगाल भाजपा के प्रमुख दिलीप घोष के प्रचार करने पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध 15 अप्रैल को शाम 7 बजे से लेकर 16 अप्रैल को शाम 7 बजे तक के लिए प्रभावी था।