एक सिपाही की करतूत ने खाकी को शर्मसार होने पर मजबूर किया गया है। एक सीओ की सरकारी गाड़ी चलाने वाले सिपाही पर आरोप है कि उसने रविवार आधी रात संगम के पास सो रही बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी की। फिरोजाबाद से संगम स्नान के लिए आई महिला के शोर मचाने पर सिपाही बाइक पर भाग गया। शिकायत पर दारागंज पुलिस ने महिला को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज सिपाही को हिरासत में लिया है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है।
तकरीबन 60 वर्षीय यह महिला फिरोजाबाद से अपने देवर के साथ संगम स्नान के लिए रविवार को यहां आई थी। उसके पति का देहांत हो चुका है। रविवार आधी रात करीब साढ़े बारह बजे वह देवर के साथ संगम के निकट झोपड़पट्टी के बाहर सड़क पर लेटी थी। आरोप है कि तभी बाइक पर आए सिपाही रमेश मिश्रा ने महिला देवर को डांटकर वहां से भगाने के बाद उसके साथ रेप किया। वह चीखने लगी तो संगम के पास चाय की दुकान लगाने वाली उर्मिला अपनी झोपड़ी से बाहर निकली।
उसने सिपाही रमेश को बाइक पर जाते देखा। वह महिला को संगम चौकी ले गई तो वहां मौजूद सिपाही ने सुबह थाने जाने के लिए कहा। सोमवार दोपहर उर्मिला पीड़ित महिला को लेकर थाने पहुंची तो सिपाही की कारगुजारी जानकार पुलिसवाले सन्न रह गए। इंस्पेक्टर बीपी त्रिपाठी ने महिला से बात की तो वह बोली कि उसके साथ गलत काम किया गया है। महिला को लेकर थाने पहुंची उर्मिला ने बताया कि वह सिपाही मिश्रा को पहचानती है क्योंकि वह कई साल तक जल पुलिस में तैनात था। अब वह सीओ सिविल लाइंस का ड्राइवर है।