एसोसिएशन ने 4 जून को यह शिकायत राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को भेजी है। रणबीर सिंह का कहना है कि हाल ही में बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले XXX वेब सीरीज 2 के माध्यम से बनाई गई टेलीफिल्म में सरहदों की सुरक्षा में तैनात आफिसर्स की पत्नी को किसी बावर्दी गैरमर्द के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाया गया है।
इसके चलते सरहदों पर तैनात सुरक्षा बलों की लाखों वीरांगनाओं के चरित्र पर भी अंगुली उठाई गई है। यह उन सुरक्षा बलों की आन-बान-शान का सवाल है, जिनके बीच में प्रधानमंत्री मोदी हर साल दीपावली मनाते हैं।
एसोसिएशन, एकता कपूर के इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना फिल्मांकन का कड़ा विरोध करती है। रणबीर सिंह ने कहा, क्या यही एकमात्र चारा है पैसा कमाने का।
जाहिर है कि इसका बुरा असर हमारी आने वाली नई पीढ़ियों पर पड़े। आज के ताजा परिप्रेक्ष्य में जब सरहदों पर तनातनी का माहौल है और ऐसे समय में इस तरह की अश्लील सीरीज दिखाई जा रही है।
इस पर तुरंत बैन लगाया जाए। एकता कपूर व उनकी टीम, जिसने यह सीरिज बनाई है, उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दायर कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
एकता कपूर की सैनिकों की पत्नियों पर फिल्माई गई इस सीरिज को राष्ट्र की तौहीन माना जाए। एसोसिएशन ने कहा, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद हमारी तीनों सेनाओं के सुप्रीम सेनापति हैं।