तमिलनाडु के आठ मछुआरे श्रीलंका की नौसेना के कथित हमले में घायल हो गए। मत्स्य विभाग के संयुक्त निदेशक शेखर ने कहा कि पुदुकोट्टई जिले के आठ मछुआरे शनिवार शाम मछली पकड़ने गए थे तभी श्रीलंका की नौसेना के जवानों ने उनके ऊपर लोहे के रॉड से हमला कर दिया।
मछुआरों पर आरोप लगाया गया है कि वे श्रीलंका की जल सीमा में मछली पकड़ रहे थे। घायल मछुआरों का मनालमेलकुडी के सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पन्नीरसेल्वम ने पीएम मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
एक अन्य घटना में 2500 से ज्यादा मछुआरों को बिना मछली पकड़े लौटने को मजबूर किया गया। रामेश्वरम मछुआरा संगठन के अध्यक्ष पी सेसुराजा ने कहा कि मछुआरों पर पत्थर बरसाए गए तथा करीब 30 नावों के जाल छीन लिए। उन्होंने कहा कि 600 से अधिक नावों में मछुआरे मछली पकड़ने गए थे।