केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियां में बनी हुई है। इसकी वजह तो अब सबके सामने आ ही चुकी है। यह दो शीर्ष अधिकारियों के आपसी झगड़े या यूं कहें अहं का शिकार बनी है। एक समय था जब सीबीआई का खौफ हुआ करता था, लेकिन अब सीबीआई के नाम से मजाक बनाए जा रहे हैं। देश की सर्वोच्च अदालत भी इसे तोता कह चुकी है।
पिछले लगभग एक दशक में सीबीआई की छवि और साख दोनों को ही कई वजहों से धक्का लग चुका है। यहां तक कि इस जांच एजेंसी के निदेशक रह चुके कई पूर्व अधिकारियों ने भी यह स्वीकार किया है कि सीबीआई की साख अब दांव पर लग चुकी है। सीबीआई के पूर्व निदेशक त्रिनाथ मिश्रा और एपी सिंह भी पूरे घटनाक्रम पर दुख जता चुके हैं।