महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े एक नए विवाद में फंस गए हैं। स्कूली बच्चों के रिपोर्ट कार्ड पर तावड़े की मुस्कुराती हुई तस्वीर भी आई है। इस तस्वीर के जरिए तावड़े पर खुद के प्रचार का आरोप लग रहा है।
दरअसल, बीते बुधवार को दसवीं कक्षा के बच्चों को 'एप्टीट्यूड टेस्ट' का रिपोर्ट कार्ड मिला था। छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए 2015-16 सत्र के लिए कराए गए टेस्ट का रिजल्ट आया था। रिपोर्ट कार्ड पर तावड़े की तस्वीर आने से टीचर और छात्र ने नाखुशी जाहिर की। वहीं इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस ने विनोद तावड़े पर निशाना साधा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक स्कूलों के ट्रस्टियों का कहना है कि रिपोर्ट कार्ड पर बच्चों का नाम, रोल नंबर तक ठीक है, लेकिन तावड़े की तस्वीर की क्या जरूरत थी? तावड़े की तस्वीर पूरी तरह से अस्वीकार्य है, ये एक तरह से खुद के प्रचार का तरीका है।