Tamil Nadu: तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन एंबुलेंस विवाद के बाद नेता विपक्ष और अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी पर करारा बोला है। उन्होंने कहा- चुनावी रैली के बीच पलानीस्वामी ने जानबूझकर रोकी एंबुलेंस, मरीज को नहीं इलाज मिलने दिया।
तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को एआईएडीएमके के महासचिव और विधानसभा में विपक्ष के नेता ई.के. पलानीस्वामी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वेल्लोर जिले में कुछ दिन पहले पलानीस्वामी ने जानबूझकर एक एंबुलेंस को रास्ता नहीं दिया और मरीजों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। बता दें कि हाल ही में वेल्लोर के आनाकट्ट इलाके में पलानीस्वामी के चुनावी अभियान के दौरान एक एंबुलेंस भीड़ के बीच से निकलना चाह रही थी। इस दौरान पलानीस्वामी ने एंबुलेंस ड्राइवर पर चिल्लाया, जिससे विवाद बढ़ गया। इस घटना की तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एमए. सुब्रमणियन ने भी कड़ी निंदा की थी।
पलानीस्वामी को जनता सबक सिखाएगी- उदयनिधि
उदयनिधि स्टालिन ने एक राजनीतिक कार्यक्रम में कहा, 'कुछ दिन पहले विपक्ष के नेता ने एंबुलेंस को रास्ता रोका और हर संभव कोशिश की कि मरीजों को परेशानी हो। यह घटना जनता ने अपनी आंखों से देखी और इसकी कड़ी निंदा की।' उन्होंने पलानीस्वामी को चेतावनी दी कि तमिलनाडु की जनता जल्द ही उन्हें कड़ा सबक सिखाएगी। उदयनिधि ने कहा, 'अगर पलानीस्वामी नहीं समझे, तो जनता उनकी पार्टी और आंदोलन को ऐसी स्थिति में ले आएगी कि उन्हें खुद एंबुलेंस में जाना पड़ेगा'।
विज्ञापन
जर्मनी और इग्लैंड की यात्रा से लौटे सीएम स्टालिन
इस बीच, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन सोमवार को इंग्लैंड और जर्मनी की सप्ताहभर की विदेश यात्रा से चेन्नई लौट आए। उन्होंने बताया कि इस दौरे को "सफल" कहा जा सकता है क्योंकि 33 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिनसे 15,516 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश तमिलनाडु में आएगा।
सीएम स्टालिन ने कहा कि दस नई कंपनियां तमिलनाडु में निवेश करने के लिए तैयार हैं और पहले से मौजूद 17 कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार करने का फैसला कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि एक जर्मन कंपनी को पहली बार तमिलनाडु की क्षमता के बारे में जानकारी दी गई, क्योंकि अब तक उन्हें सिर्फ अन्य राज्यों की जानकारी ही दी जाती थी।