बैंकों के हजारों करोड़ रुपये दबा कर ब्रिटेन में जा बैठे उद्योगपति विजय माल्या पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक और मामला दर्ज कराने की तैयारी में है। इसलिए ईडी ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से माल्या के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर की कॉपी मांगी है। ऐसा इसलिए, ताकि माल्या पर बैंक लोन डिफाल्ट वाले मामले में कुछ और सूत्र खोजा जा सके। इसके बाद ईडी द्वारा विजय माल्या और किंगफिशर एयरलाइंस के खिलाफ नया मामला दायर किया जाएगा।
एक अधिकारी के मुताबिक सीबीआई से ईडी ने विजय माल्या के खिलाफ दर्ज किये गए एफआईआर की कॉपी मंगाई है। गौरतलब है कि सीबीआई ने पिछले सप्ताह ही विजय माल्या के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कराई है। बताया जाता है कि विजय माल्या पर धारा 420 और 120बी के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
इससे पहले काले धन को सफेद बनाने से निषेध कानून (पीएमएलए) की अदालत के सामने भी विजय माल्या पेश नहीं हुए थे। साथ ही ईडी ने विजय माल्या की करीब 6,000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। कर्ज नहीं लौटाने के मामले में विजय माल्या को भगोड़ा भी घोषित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि विजय माल्या ने किंगफिशर एयरलाइन के लिए 17 बैंकों से हजारों करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिसकी अभी तक वापसी नहीं हो पायी है।