प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लॉटरी घोटाला मामले में शुक्रवार को भी छापे मारे। ईडी इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिये राजनीतिक दलों को सबसे ज्यादा चंदा देने वाले लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन के चेन्नई स्थित कॉरपोरेट कार्यालय से 8.8 करोड़ रुपये और कोलकाता से तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी जब्त की।
लॉटरी किंग के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में कई राज्यों में बृहस्पतिवार को छापे की कार्रवाई शुरू की थी जो शुक्रवार को भी जारी रही। उल्लेखनीय है कि (मद्रास हाईकोर्ट ने हाल ही में लॉटरी किंग के खिलाफ ईडी को कार्रवाई करने की अनुमति दी थी। यह दिलचस्प है कि तमिलनाडु पुलिस ने सैंटियागो मार्टिन और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला बंद करने के लिए लोअर कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे उसने स्वीकार कर लिया था।
20 ठिकानों पर मारे गए छापे
अधिकारियों ने बताया कि मार्टिन, उनके दामाद आधव अर्जुन और उनके सहयोगियों के 20 ठिकानों पर तमिलनाडु के चेन्नई और कोयंबटूर, हरियाणा में फरीदाबाद, पंजाब के लुधियाना और पश्चिम बंगाल में छापे की कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि केरल में लॉटरी टिकटों की बिक्री में घोटाले को लेकर सिक्किम सरकार को हुए 900 करोड़ रुपये के नुकसान पर पिछले साल भी मार्टिन से जुड़े 457 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की थी।
नोटों की गिनती जारी, मंगाई मशीन
उधर, प्रवर्तन निदेशालय ने लॉटरी घोटाले की जांच के क्रम में कोलकाता के कारोबारी के घर से भी करीब तीन करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि छापे के दौरान तीन करोड़ रुपये से ज्यादा नकद मिला है और अभी नोटों की गिनती जारी है।
ईडी के अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के दक्षिणी क्षेत्र कवि भारती सरानी में कारोबारी के घर पर जब्त करेंसी की गिनती के लिए नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई। इसके अलावा एक अन्य ठिकाने 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भी नोट गिनने की मशीन लाई गई है। मध्यमग्राम में ईडी की तलाशी उस इमारत में चल रही है, जिसे लॉटरी व्यवसाय चलाने के लिए कार्यालय और गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि इस ठिकाने से कितनी नकदी मिली है उसकी जानकारी अभी नहीं मिली है, लेकिन जो दस्तावेज बरामद किए गए हैं, उनकी अभी जांच चल रही है।
मध्यमग्राम की इसी इमारत से लॉटरी के टिकटों की छपाई और उसका वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभी चल रही है। एजेंसी को कई दस्तावेज मिले हैं। उल्लेखनीय है कि लॉटरी घोटाले को लेकर ईडी ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम और तमिलनाडु में छापे की कार्रवाई की है। इसी मामले में ईडी तमिलनाडु में 277 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है।