प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में झारखंड के पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही की 7 करोड़ की चार अचल संपत्तियों को अपने कब्जे में ले लिया है। एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि तीन संपत्ति बभनी मौजा में और चौथी गढ़वा जिले के जंगीपुर गांव में स्थित है।
उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों का बाजार मूल्य 7 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इन संपत्तियों को ईडी ने दिसंबर 2013 में अटैच कर लिया था। शाही मधु कोड़ा सरकार में स्वास्थ्य एवं श्रम मंत्री थे। ईडी और सीबीआई ने कहा कि शाही ने 2005 से 09 के बीच अवैध संपत्ति जुटाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया था।
ईडी ने अनाज की कालाबाजारी में नासिक से तीन को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने जन वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले अनाज की कालाबाजारी से जुड़े 177 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नासिक में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा है कि मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत 17 फरवरी को संपत नामदेओ घोरपड़े, अरुण नामदेओ घोरपड़े और विश्वास नामदेओ घोरपड़े को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। एक विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों को 8 दिन के लिए ईडी की कस्टडी में भेज दिया है।