आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने मंगलवार को तमिलनाडु में एक पूर्व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी पांडियन और उनसे जुड़े लोगों के कई ठिकानों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चेन्नई समेत राज्य के 13 स्थानों पर संघीय जांच एजेंसी ने तलाशी अभियान चलाया।
ईडी ने पूर्व अधिकारी के आवास और उनके रिश्तेदारों के कार्यालयों की तलाशी ली। यह कार्रवाई तमिलनाडु के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) की ओर से दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की गई, जिसमें पांडियन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत केस दर्ज किया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह जांच 2021 में डीवीएसी की ओर से दर्ज एक प्रकरण से जुड़ी है, जिसमें पांडियन पर भ्रष्टाचार के जरिये अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच एजेंसी अब मामले में और सबूत जुटाने के लिए छापों से प्राप्त दस्तावेजों और सामग्रियों की जांच कर रही है।