प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र के ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ धन शोधन का केस दर्ज किया है। नासिक के इस बाबा पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। मामले पर सीएम फडणवीस ने कहा है कि बाबा के सभी बैंक खातों और अवैध संपत्तियों की जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र के स्वयंभू बाबा अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुद को भगवान बताने वाले अशोक खरात के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि एजेंसी जल्द ही खरात से पूछताछ करेगी। ईडी के मुंबई जोनल ऑफिस ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत यह केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
क्या बोले अधिकारी?
अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने नासिक के रहने वाले खरात के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस की कई एफआईआर पर संज्ञान लिया है। खरात और उससे जुड़े कुछ अन्य लोगों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इस ढोंगी बाबा और ज्योतिषी को मार्च में गिरफ्तार किया गया था। एक शादीशुदा महिला ने उस पर तीन साल तक बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
राज्य पुलिस ने अब तक खरात के खिलाफ कुल आठ एफआईआर दर्ज की हैं। जांच में यौन शोषण के अलावा कई अन्य अपराधों का भी पता चला है। इसमें जमीन से जुड़ी वित्तीय अनियमितताएं, कुछ सहकारी क्रेडिट सोसायटियों में खाते खोलना और अन्य संपत्तियों के मामले शामिल हैं।
सीएम ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नासिक में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, खरात के सभी बैंक खाते सरकार की नजर में आ गए हैं। इन खातों से होने वाले लेनदेन की पहचान कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बाबा की सभी अवैध संपत्तियां और गलत काम जल्द ही सबके सामने आ जाएंगे। फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसी इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।