प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक कंपनी पर छापा मारकर 6 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। यह कार्रवाई 488 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में की गई।
ईडी ने एक बयान में शनिवार को बताया कि उसने शुक्रवार को कंसल्टेंसी और बिल्डर ग्रुप ट्रू वैल्यू ग्रुप और विपुल एंड मनीष एसोसिएट्स के छह आवासीय और ऑफिस परिसरों पर छापा मारा। इस दौरान 5.99 करोड़ रुपये नकद और कुछ विदेशी मुद्रा जब्त की गई।
ईडी ने अरडोर ग्रुप ऑफ कंपनीज के बैंक ऋण धोखाधड़ी को लेकर धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के आपराधिक प्रावधानों के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। अरडोर ग्रुप ऑफ कंपनीज और इसके निदेशकों ने अज्ञात बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर बैंकों के संघ से 488 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
एजेंसी का आरोप है कि विपुल एंड मनीष एसोसिएट्स और ट्रू वैल्यू मैनेजमेंट कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड ने कई फर्जी कंपनियां बनाई और अपने रिश्तेदारों तथा सहयोगियों को इन कंपनियों का निदेशक बनाया। इनके नाम पर बैंकों के संघ से बड़ी मात्रा में ऋण लिया जोकि बाद में एनपीए हो गया। ईडी इस मामले में पहले ही 204 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है।