ईडी पहले इस मामले में वाड्रा से 6, 7 और 9 फरवरी को भी 24 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ कर चुका है। साथ ही प्रवर्तन निदेशालय जयपुर और बीकानेर के जमीन सौदे के सिलसिले में भी वाड्रा से दो बार पूछताछ कर चुका है। गत शुक्रवार को ईडी ने वाड्रा की दिल्ली में सुखदेव विहार हाउस स्थित 4.43 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली थी। यह संपत्ति वाड्रा की कंपनी स्काई लाइट हॉस्पिटालिटी प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर है।
इससे पहले दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शनिवार को धन शोधन मामले में राबर्ट वाड्रा और मनोज अरोड़ा को अग्रिम जमानत की अवधि को दो मार्च तक के लिए बढ़ा दी है। इसके पहले हुई सुनवाई में अदालत ने राबर्ट वाड्रा को 16 फरवरी तक गिरफ्तारी से राहत दी थी। फेसबुक पर राबर्ट वाड्रा ने कहा कि पिछले छह दिनों से उनसे पूछताछ की जा रहा है और हर दिन 8 से 12 घंटे तक बैठाया जाता है। उन्होंने कहा कि 40 मिनट के मध्यान भोजन पर भी सवाल किए गए और शौचालय जाते समय भी निगरानी की गई।
गौरतलब है कि इन सभी मामलों में वाड्रा खुद को बेकसूर बता रहे हैं। इससे पहले वाड्रा जयपुर ईडी दफ्तर में भी राजस्थान में जमीन खरीद मामले में पेश हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही वाड्रा ने जांच के नाम पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।