ऑनलाइन क्लिक के नाम पर करीब 3700 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले सोशलट्रेड डॉट बिज के मास्टरमांइड अनुभव मित्तल और उनके सहयोगियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक और मामला दर्ज किया है। यह मामला प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज हुआ है।
ईडी से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार अनुभव मित्तल आम जनता और सरकारी एजेंसियों के पास जाली या एक्सपायर हो चुके आईएसओ प्रमाणपत्रों को फर्जी तरीके से पेश करता था ताकि वह असली लगे।
मामले की जांच में नए नए तथ्य सामने आने के बाद ईडी ने संबंधित अदालत से अनुभव मित्तल को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी है। ईडी उससे खास कर नए बैंक खाते, कंपनियों और एजेंटों के बारे में पूछताछ करना चाहता है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने पहले ही अनुभव मित्तल के खिलाफ लखनऊ में काले धन को सफेद करने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में ईडी ने बीते 31 मार्च को 599.28 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की है।