प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इफको के प्रबंध निदेशक उदय शंकर अवस्थी की 54 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की गई इस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने म्यूचुअल फंड, शेयर, बॉड्स और बैंक जमा को अटैच किया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत 22 सितंबर को की गई थी।
ईडी ने बुधवार को बताया कि यह मामला कथित उर्वरक घोटाले और रिश्वत के रूप में 685 करोड़ रुपये का भुगतान करने से अवस्थी, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य से जुड़ा हुआ है। इससे पहले एजेंसी ने जून में अवस्थी की 20.96 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति अटैच की थी। जांच में सामने आया कि अवस्थी और अन्य ने मिलकर विभिन्न असंबंधित प्रतिष्ठानों की मदद से अवस्थी से जुड़े प्रतिष्ठानों को फायदा पहुंचाया गया।
बाइडन ने शरणार्थियों की संख्या 1.25 लाख तक कर दी सीमित
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 2023 के बजट के लिए शरणार्थियों की संख्या 1.25 लाख तक सीमित रखने का बुधवार को लक्ष्य रखा है। शरणार्थियों के हिमायती ‘यूएस रिफ्यूजी एडमिशन प्रोग्राम’ को बहाल करने के लिए बाइडन प्रशासन पर और अधिक कदम उठाने का दबाव डाल रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इस कार्यक्रम के तहत जबरदस्त कटौती की थी।
आईएनएस सुनयना ने सेशेल्स में समुद्री बल अभ्यास में भाग लिया
भारतीय नौसेना के जहाज सुनयना ने बुधवार को सेशेल्स में संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के पहले अभ्यास में भाग लिया। आईएनएस सुनयना ने 24 से 27 सितंबर तक सेशेल्स में संयुक्त समुद्री बलों (सीएमएफ) द्वारा आयोजित क्षमता-निर्माण अभ्यास ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस में भाग लिया।
वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर, यूएस नैवसेंट द्वारा सीएमएफ में भारतीय नौसेना का स्वागत किया गया। सीएमएफ अभ्यास में भारतीय नौसेना के जहाज की यह पहली भागीदारी है। बयान में कहा गया है कि भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों द्वारा संवाद सत्रों में भाग लिया। भारतीय नौसेना द्वारा समुद्री क्षेत्र में जागरूकता पर एक प्रशिक्षण व्याख्यान आयोजित किया गया था।
शीर्ष-3 स्टार्टअप में क्रेड, अपग्रेड व ग्रो
इस साल देश के शीर्ष 25 स्टार्टअप में से 13 स्टार्टअप बंगलूरू के हैं। लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, फिनटेक कंपनी क्रेड 6.4 अरब डॉलर की पूंजी के साथ पहले स्थान पर है। 2021 में यह तीसरे स्थान पर रही थी। ऑनलाइन एजुकेशन कंपनी अपग्रेड दूसरे और ऑनलाइन निवेश मंच ग्रो तीसरे स्थान पर है। जेप्टो चौथे नंबर पर है। यह पहली बार सूची में शामिल हुई है। स्पिनी सातवें स्थान पर जबकि डिट्टो इंश्योरेंस 12वें नंबर पर है।
सोने-चांदी की तरह कमोडिटी एक्सचेंज पर पानी भी बिकेगा
देश में कमोडिटी एक्सचेंज पर पानी में भी कारोबार हो सकता है। जिस तरह से सोने, चांदी और कच्चे तेल में कारोबार होता है, उसी तरह से नीति आयोग एक ड्राफ्ट सिफारिश जारी कर लोगों से सलाह मांगेगा। इसमें फ्यूचर और स्पाट पर कारोबार करने की बात कही गई है। एक अधिकारी ने कहा, भारत वैश्विक बेंचमार्क का अध्ययन कर रहा है और जल्द ही इस पर एक खाका जारी हो सकता है।
इसके लिए एक नियामक भी स्थापित किया जाएगा। अमेरिका के शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज पर पानी का कारोबार होता है। कैलिफोर्निया में पानी की कीमतों से जुड़े अनुबंधों में किसानों और नगर पालिकाओं के साथ-साथ हेज फंड इसमें भाग लेते हैं। ऑस्ट्रेलिया में भी कारोबार होता है। इस कदम से कृषि व अन्य जल निर्भर उद्योगों में पानी संकट दूर करने में मदद मिलेगी।
नदी जल विवाद : आंध्र को कर्नाटक के खिलाफ मामला वापस लेने की अनुमति
सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच करीब दो दशक पुराने नदी जल बंटवारा मामले का निपटारा कर दिया। आंध्र प्रदेश ने कर्नाटक के खिलाफ याचिका दायर कर उत्तरी पेन्नार नदी के पानी का दोनों के बीच बंटवारा करने के लिए केंद्र सरकार को नदी जल न्यायाधिकरण का गठन करने का निर्देश देने की मांग की थी।
मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित, जस्टिस एस. रविंद्र भाट, जस्टिस जेबी पारदीवाला ने पाया कि मामला काफी पुराना है। आंध्र प्रदेश ने मूल याचिका 2003 में दायर की थी। इसके बाद सर्वोच्च अदालत ने आंध्र प्रदेश को याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए कहा कि इसके लिए वह अन्य रास्ते भी अपना सकता है। इनमें केंद्र सरकार से संपर्क कर नदी न्यायाधिकरण के निर्माण की मांग भी की जा सकती है।
अणुब्रत के खाते वाले बोलपुर एक्सिस बैंक में लगी आग
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में बुधवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी बैंक में पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल के बाहुबली नेता अणुब्रत मंडल, उनकी बेटी सुकन्या मंडल और अंगरक्षक सहगल हुसैन का खाता है।
सीबीआई की जांच के मुताबिक, संबंधित निजी बैंक की इस शाखा का इस्तेमाल सुकन्या के नाम पर बड़ी मात्रा में जमीन की खरीद के लिए जरूरी वित्तीय लेन-देन को निपटाने के लिए किया गया था। इन सबके बीच, इस शाखा में आगजनी के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। वहीं, नुकसान को लेकर फिलहाल बैंक अधिकारी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
कर्नाटक : उडुपी में मिला कन्नड़ में लिखा 14वीं सदी का शिलालेख
शोधकर्ताओं को कर्नाटक के उडुपी जिले के करकला तालुका के गणदाबेट्टू में कन्नड़ भाषा का एक शिलालेख मिला है। यह शिलालेख 14वीं शताब्दी का है। शिलालेख में कन्नड़ भाषा में 10 पंक्तियां अंकित हैं। इसे तीन फुट लंबे और दो फुट चौड़े ग्रेनाइट पत्थर पर तराशा गया है।
दिनकर अस्थाना सेनेगल में भारत के राजदूत नियुक्त
लाओ पीपुल्स रिपब्लिक में भारतीय दूत दिनकर अस्थाना को सेनेगल के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उनके शीघ्र ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। दिनकर अस्थाना अगस्त 1990 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए थे। वह हिंदी, अंग्रेजी, जर्मन और फ्रेंच जानते हैं। उन्होंने बॉन, बैंकॉक, कोलंबो और मैक्सिको सिटी में भारतीय राजनयिक मिशनों में काम किया है।
भगवान जगन्नाथ की भूमि के दस्तावेज का डिजिटलीकरण
भगवान जगन्नाथ के नाम पर 60 हजार एकड़ से अधिक भूमि के दस्तावेज का डिजिटलीकरण किया जाएगा। राज्य सरकार से मंजूरी के बाद काम शुरू हो गया है। महाप्रभु जगन्नाथ बिजे के नाम पर ओडिशा में 60,426 एकड़ तथा अन्य छह राज्यों में 395.252 एकड़ भूमि है। बंगाल में भगवान के नाम सबसे ज्यादा 322.930 एकड़, महाराष्ट्र में 28.21, मप्र में 25.11, आंध्र में 17.02, छत्तीसगढ़ में 1.7 व बिहार में 0.27 एकड़ भूमि दर्ज है।
असम-मिजोरम सीमा पर लावारिस हालत में मिले दो ओरंगउटान
असम-मिजोरम सीमा के पास एक दूरदराज के इलाके से दो ओरंगउटान (वनमानुष) मिले हैं। कछार डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) तेजस मारिस्वामी ने बताया कि ओरंगउटान सोमवार देर रात असम के कछार जिले के लैलापुर इलाके में चेकगेट पर लावारिस हालत में पाए गए। संभावना है कि इन्हें म्यांमार से लाया गया है। इनकी उम्र एक साल से कम है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
565 करोड़ के चिटफंड घोटाले में 4 गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 565 करोड़ के चिटफंड घोटाला मामले में कोलकाता के तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज शुभ कुमार बनर्जी, कंपनी संस्थापक निदेशक लक्ष्मण श्रीनिवासन और दो अन्य को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई अधिकारी ने बताया कि इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने ओडिशा में लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 565 करोड़ रुपये अवैध रूप से जमा किए और परिपक्वता अवधि पूरी होने पर पैसा लौटाया नहीं।
इशाक डार ने ली पाकिस्तान के वित्त मंत्री पद की शपथ
पाकिस्तान ने बुधवार को इशाक डार (72) को वित्त मंत्री पद सौंपा। वह तीन बार पहले भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उनके सामने देश की अर्थव्यवस्था को संकट से निकालने और अभूतपूर्व बाढ़ के प्रभावों से निपटने की चुनौती है। भ्रष्टाचार का आरोप लगने के बाद वह पांच साल से ब्रिटेन में स्व:निर्वासन में थे। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के वरिष्ठ नेता को सोमवार को देश लौटने के बाद वित्त मंत्री बनाया गया है। एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में राष्ट्रपति आरिफ अलवी ने उन्हें शपथ दिलाई।
आमिर के क्रिप्टो वॉलेट से 14.53 करोड़ रुपये जब्त
कोलकाता पुलिस ने मोबाइल गेमिंग ई-नगेट्स के जरिये लोगों को ठगने वाले मुख्य आरोपी आमिर खान के एक क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट से 14.53 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। यह राशि ईडी द्वारा आमिर के पिता के घर से बरामद 17.32 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है। क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बिनेंस में आमिर खान के क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट प्लेटफार्म से 14.53 करोड़ रुपये जमा किए गए थे।
उल्लेखनीय है कि आमिर खान को कोलकाता पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से 24 सितंबर को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। आठ अक्तूबर को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।