प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इंदौर नगर निगम के पूर्व कर्मचारी मोहम्मद असलम खान की 1.39 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। असलम श्रेणी-3 का कर्मचारी थे और मध्यप्रदेश लोकायुक्त ने 2018 में आय से अधिक संपत्ति के मामले में उसके घर पर छापा भी मारा था।
ईडी अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि असलम की इंदौर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में कृषि भूमि, प्लॉट, दुकान, घर के अलावा सोना, नकदी और वाहन को अटैच किया गया है। ईडी का आरोप है कि खान भ्रष्टाचार में लिप्त रहा और इंदौर नगर निगम में नौकरी के दौरान अपनी आय से कई गुना अधिक कमाई की।
इसमें काफी रकम सीधे कमाई और बहुत सारा पैसा अलग अलग खातों के जरिये हासिल किया गया जिससे ज्यादातर चल और अचल संपत्ति खरीदी गई। खान ने गलत तरीके से की गई कमाई को सोना, वाहन, जमीन और दुकानें खरीदने में लगाया।