प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 13,000 करोड़ रुपये के पीएनबी ऋण धोखाधड़ी मामले में अहम आरोपी मेहुल चोकसी और उसके गीतांजलि समूह से संबंधित 14.45 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत की गई है।
ईडी ने एक बयान में कहा कि मुंबई के गोरेगांव इलाके में ओ2 टॉवर स्थित 1460 वर्गमीटर का फ्लैट, सोने और प्लेटिनम के आभूषण, डायमंड स्टोन, चांदी और मोती से बने हार, घड़ियां और मर्सडीज बेंज कार अटैच की गई है।
पीएमएलए के तहत 14.45 करोड़ रुपये की कीमत की संपत्तियों को अटैच करने के लिए अनंतिम आदेश जारी किया गया था। ये संपत्तियां गीतांजलि समूह ऑफ कंपनीज और इसके निदेशक मेहुल चोकसी के नाम पर हैं।
61 वर्षीय चोकसी पीएमबी घोटाले के प्रमुख आरोपी नीरव मोदी का मामा है। घोटाला सामने आने के बाद चोकसी भारत से फरार हो गया था और मौजूदा समय में एंटीगुआ और बारबूडा में रह रहा है जबकि 49 वर्षीय मोदी 2019 से ही लंदन जेल में बंद है। मोदी के खिलाफ प्रत्यर्पण का मामला लंदन की अदालत में चल रहा है।