भारतीय बैंकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी गैरजमानती वारंट जारी कर दिया है। माल्या के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) कोर्ट ने गैरजमानती वारंट जारी किया है। इससे विजय माल्या की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
ईडी की ओर से दायर की गई चार्जशीट पर स्वत: संज्ञान लेते हुए पीएमएलए कोर्ट ने वारंट जारी किया ह जो कि आईडीबीआई बैंक से लिए 900 करोड़ रुपये के लोन से जुड़ा है। इससे पहले सीबीआई ने माल्या के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया था।
ईडी ने 14 जून को मनी लांड्रिंग मामले में 5000 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें विजय माल्या, किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी ए रघुनाथन समेत बैंक के कुछ पूर्व अधिकारियों सहित 9 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
ईडी ने चार्जशीट में कहा है कि किस तरह गैरकानूनी तरीके से 400 करोड़ रुपये देश के बाहर भेजे गए। ईडी का आरोप है कि आईडीबीआई बैंक ने नियम को ताक पर रख कर बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस को 950 करोड़ रुपये का लोन दिया।