शिवसेना यूबीटी विधायक आदित्य ठाकरे (फाइल)
- फोटो : ANI
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े चुनाव आयोग के फैसले पर महाराष्ट्र के शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया, जब चुनाव आयोग खुद चोरी को वैध बनाना शुरू कर दे, तो लोकतंत्र बर्बाद हो जाता है। एक बार फिर धोखाधड़ी साबित हुई है। आदित्य ने चुनाव आयोग के संक्षेप- ईसी का दूसरा अर्थ बताते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब EC का अर्थ 'पूर्ण समझौता (Entirely Compromised)' हो चुका है। वे हर किसी को दिखा रहे हैं कि देश में अब स्वतंत्र और निष्पक्ष लोकतंत्र नहीं बचा है।
चुनाव आयोग के फैसले पर महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राकांपा पर चुनाव आयोग का फैसला निष्पक्ष और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप है। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग (ईसीआई) आम तौर पर तय करता है कि किस राजनीतिक समूह के पास बहुमत है और किस खेमे के पास निर्वाचित प्रतिनिधियों का समर्थन है। उन्होंने कहा, बावनकुले ने कहा कि ईसीआई अपने फैसले के समर्थन में अतीत के कई फैसलों का भी हवाला देता है, इसलिए आयोग को निशाना बनाना अनुचित है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (फाइल)
- फोटो : Social Media
एनसीपी के संबंध में चुनाव आयोग के फैसले पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, यह निर्णय अपेक्षित था। पिछले 10-15 सालों में चुनाव आयोग ने अलग-अलग समय पर ऐसे मामलों में जिस तरह के फैसले दिए हैं, अगर उन पर नजर डालें तो ऐसे कई फैसले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस बात का पूरा भरोसा था कि एनसीपी की कमान अजित पवार को मिलेगी। बकौल फडणवीस अजित के पास बहुमत के साथ-साथ संगठन का भी समर्थन है। उन्होंने अजित पवार को बधाई देते हुए कहा कि 2019 में जनादेश का अपमान हुआ था। प्रदेश की जनता को धोखा दिया गया था, लेकिन आयोग के फैसले ने लोकतंत्र की शक्ति दिखाई है।