चुनाव आयोग ने शनिवार को एसआईआर प्रक्रिया के बाद केरल में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की। इसमें राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2.69 करोड़ से अधिक हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने एक लिंक साझा किया है - http://electoralsearch.eci.gov.in - जिसके माध्यम से जनता अद्यतन सूची में अपना नाम देख सकती है।
तिरुवनंतपुरम में शुक्रवार को एक प्रेस मीट में चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नई मतदाता सूची में 2,69,53,644 मतदाता हैं। वहीं, पिछले साल अक्टूबर में एसआईआर (विशेष मतदाता सूची) के शुरू होने से पहले यह संख्या 2,78,50,855 थी।
ये भी पढ़ें: Karnataka: स्वास्थ्य विभाग में 1000 नियुक्तियां, सीएम का दावा- डॉक्टरों समेत 5700 तबादलों में भ्रष्टाचार नहीं
करीब नौ लाख मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से हटे
चुनाव आयोग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के बाद 8,97,211 मतदाताओं को हटा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संशोधित सूची में पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 1,31,26,048, महिला मतदाताओं की संख्या 1,38,27,319 और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 277 है।
अद्यतन मतदाता सूची में विदेशी मतदाताओं की संख्या 2,23,558 है, जबकि सेवारत मतदाताओं की संख्या 54,110 है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर की कार्यवाही के तहत 36.88 लाख मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए थे और 53,229 मतदाताओं को अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया था।
मसौदा सूची की तुलना में बढ़े 15 लाख से ज्यादा मतदाता
केरल में एसआईआर के बाद चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या में दिसंबर में जारी मसौदा सूची की तुलना में 15 लाख से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। 23 दिसंबर, 2025 को प्रकाशित मसौदा सूची के अनुसार, 2,54,42,352 मतदाता थे, जिनमें 1,23,83,341 पुरुष, 1,30,58,731 महिलाएं और 280 ट्रांसजेंडर व्यक्ति शामिल थे।
अंतिम सूची जारी होने के बाद भी जुड़वा सकते हैं नाम
इस बीच राज्य चुनाव आयोग की मतदाता सूची, जिसके आधार पर 2025 के स्थानीय निकाय चुनाव आयोजित किए गए थे, में 2,86,07,658 मतदाता थे। चुनाव आयोग ने कहा कि 31 जनवरी से 16 फरवरी के बीच सुधार, समावेशन और विलोपन के लिए अतिरिक्त 4,01,368 आवेदन प्राप्त हुए।
कासरगोड विधानसभा में महिला-पुरुष मतदाताओं की संख्या बराबर
केरल में चुनाव आयोग की ओर से प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में एक दिलचस्प बात सामने आई है। इसमें कासरगोड विधानसभा क्षेत्र में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या बराबर है। संशोधित सूची के अनुसार, कासरगोड निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,09,732 मतदाता हैं, जिनमें से 1,04,866 पुरुष और 1,04,866 महिलाएं हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कोई भी ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत नहीं है।
हालांकि केरल में कुल मिलाकर पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है, लेकिन कुछ ऐसे निर्वाचन क्षेत्र हैं जहां पुरुष मतदाताओं की संख्या महिला मतदाताओं से अधिक है। मलप्पुरम जिले के कोट्टक्कल, तिरुर, तनूर, तिरुरंगाडी, वल्लिकुन्नु, वेंगारा, मलप्पुरम और कोंडोट्टी निर्वाचन क्षेत्रों में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिला मतदाताओं से अधिक है। इनमें कासरगोड जिले का मंजेश्वर निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: West Bengal: पश्चिम बंगाल में एक मार्च से केंद्रीय बलों की 480 कंपनियों की तैनाती, चुनाव आयोग ने बताई इसकी वजह
अन्य वीडियो