चुनाव आयोग ने आंतरिक चुनाव एक साल के लिए टालने की कांग्रेस की अपील खारिज करते हुए कहा है कि उसे हर सूरत में इसे 30 जून तक पूरा करना होगा। इस बारे में पार्टी को अब कोई रियायत नहीं मिलेगी।
कांग्रेस संगठन मामलों के महासचिव जनार्दन द्विवेदी को भेजे एक पत्र में आयोग ने कहा है कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया 30 जून तक समाप्त हो जानी चाहिए। सितंबर 2015 से कांग्रेस पार्टी ने दो मर्तबा आयोग से गुहार लगाई है कि उसे आंतरिक चुनाव टालने की अनुमति दी जाए।
आयोग ने कहा है कि अब वह कोई रियायत नहीं देगा और इसे 30 जून 2017 तक हर हाल में पूरा करना होगा। आयोग ने कांग्रेस पार्टी से उसके नए पदाधिकारियों और कमेटी के सदस्यों के नाम भी 15 जून तक देने को कहा है।
आंतरिक चुनाव के मसले पर आयोग से राहत न मिलने के बाद आठ मार्च को विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद पर पदोन्नत करने का मसला फिर जोरशोर से उठने की संभावना है।
नियम के मुताबिक सभी पंजीकृत राजनीतिक दलों को हर साल संगठन चुनाव कराना पड़ता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने संविधान का हवाला देते हुए कहा है कि उसका आंतरिक चुनाव हर पांच साल पर होता है।