नासिक महाराष्ट्र में भूकंप: सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र में नासिक से 103 किलोमीटर दूर पश्चिमी इलाके में मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके आज सुबह 9.50 बजे महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने भूकंप की पुष्टि की है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में नासिक, पालघर समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। मुंबई में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 रही। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे भूकंप के झटके आए। इसका केंद्र उत्तर मुंबई में 102 किलोमीटर दूर था।
वहीं, कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र के पालघर जिले में कम तीव्रता वाले भूकंप के दो झटके महसूस किये गए थे। पालघर जिला आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया था कि दहानु तहसील में शुक्रवार रात 11 बजकर 43 मिनट पर 4.0 तीव्रता का पहला भूकंप और तलसारी तहसील में रात 11.41 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप का दूसरा झटका महसूस किया गया।