पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों, शेख रियाजउद्दीन, अप्पू बाउरी और फिरदौस शेख को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया है। घटना कॉलेज कैंपस से 700 मीटर दूर नशे के अड्डे पर हुई। आइए जानते है इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल की छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपितों की पहचान शेख रियाजउद्दीन उर्फ मंटू, अप्पू बाउरी और फिरदौस शेख हैं, के रूप में हुई है जो बिजड़ा गांव के निवासी है। इन सभी पर सामूहिक दुष्कर्म के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है।
विज्ञापन
रविवार को ही गिरफ्तार लोगों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने तीनों को दस दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उल्ले्खनीय है कि घटना कॉलेज कैंपस से करीब 700 मीटर की दूरी पर घटी। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़िता का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। जांच अधिकारियों का दावा है कि तीनों के खिलाफ प्रत्यक्ष सबूत मिले हैं। इसी मोबाइल के लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात भर आरोपियों की तलाश की गई और रविवार को भी ड्रोन की मदद से फरार आरोपियों की तलाश की।
नशेड़ियों की शिकार हुई छात्रा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना कॉलेज कैंपस से करीब 700 मीटर दूर झाड़ियों से घिरे एक नशे के अड्डे पर हुई, जहां लंबे समय से शराब और गांजे का अवैध कारोबार चल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार रात छात्रा और उसका एक सहपाठी कैंपस के बाहर टहलने निकले थे। उसी दौरान अड्डे पर मौजूद तीनों आरोपी छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे और फिर उसे जबरन जंगल की ओर खींच गए। वहीं छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया। सहपाठी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। घटना के बाद छात्रा ने कॉलेज प्रशासन को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज की गई।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
इस बीच, पीड़िता के पिता ने सहपाठी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उसी ने बेटी को बाहर बुलाया और तीनों आरोपी उसके दोस्त थे। उन्होंने कहा, रात करीब 10 बजे मेरी बेटी के दोस्त ने फोन कर बताया कि उसके साथ रेप हुआ है। जब कुछ लोग मेरी बेटी को घेरने लगे तो वह भाग गया और उसे छोड़ दिया। यहां सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है।
कॉलेज प्रशासन ने जारी की टाइमलाइन
कॉलेज प्रशासन ने भी घटनाक्रम का टाइमलाइन जारी किया है। उनके मुताबिक रात 7:58 बजे छात्रा सहपाठी के साथ कैंपस से बाहर निकली। 8:42 बजे सहपाठी अकेले वापस लौटा। कुछ देर गेट पर रुककर वह दोबारा बाहर गया। इसके बाद 9:29 बजे दोनों साथ में लौटे और 9:31 बजे छात्रा अपने हॉस्टल चली गई। कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि वे हर तरह की जांच में सहयोग करेंगे। पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच वह कई कोणों से कर रही है।