कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल शाम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की फ्लाइट लेट होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने इस मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों में जबरदस्त हंगामा किया। टीएमसी सांसद सुदीप बंधोपाध्याय ने आरोप लगाया कि यह उनकी नेता को मारने की साजिश थी।
जिस जहाज में ईंधन खत्म होने वाला है उसे उतरने की अनुमति नहीं दी जा रही और जबरन आसमान में घुमाया जा रहा है, इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। सुदीप को इस मामले में विपक्ष का भी पूरा साथ मिला और बसपा सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला, जेडीयू नेता शरद यादव समेत तमाम नेताओं ने इस मुद्दे पर सरकार से जांच की मांग की।
हालांकि मामले में सरकार की ओर से पक्ष रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री ए गजपति राजू ने कहा सरकार इस मामले की जांच के लिए तैयार है और अगर कोई दोषी निकलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर इस मामले में एयरलाइन कंपनी की ओर से भी पक्ष आ गया है जिसने किसी भी तरह की साजिश और लापरवाही की बात से इंकार किया है।
कंपनी का कहना है कि यह एक रूटीन मामला था जिसमें किसी तरह की कोई बड़ी परेशानी नहीं थी और विमान में ईंधन की भी कोई कमी नहीं थी। कंपनी के अनुसार एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की गलतफहमी के कारण यह सारी स्थिति पैदा हुई। कंपनी का दावा है कि पायलट ने एक बार भी ईंधन खत्म होने की चेतावनी नहीं दी थी बल्कि विमान के उतरने के बाद भी उसमें न्यूनतम से ज्यादा ईंधन बाकी था।