महाराष्ट्र में सूखा प्रभावित मराठवाड़ा में कुंवारों के दिन बहुर गए हैं। राज्य में सत्तासीन भाजपा-शिवसेना ने सामूहिक विवाह आयोजित कर उन किसानों की खुशियां बढ़ा दी हैं, जो सूखे के चलते अपनी बेटियों की शादी नहीं कर पा रहे थे। शनिवार को औरंगाबाद में आयोजित शिवसेना के शाही विवाह में अपनी लाडली को शादी के जोड़े में देखकर उन परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
शिवसेना के शाही विवाह में 244 जोड़े शादी के बंधन में बंधे जबकि रविवार को भाजपा की ओर से मराठवाड़ा के जालना में 551 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे।
सूखाग्रस्त मराठवाड़ा में पानी का भीषण संकट है। इससे परेशान कई किसानों ने अपनी बेटियों की शादी रद्द कर दी थी। इसको देखते हुए शिवसेना और भाजपा ने अलग-अलग तरीके से सामूहिक विवाह की तैयारियां शुरू कीं। शिवसेना ने आठ मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह कराया। दूसरी तरफ, रविवार को महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष व सांसद रावसाहेब दानवे पाटिल की ओर से उनके गृह जिला जालना में 551 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहेंगे।