राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में शुक्रवार को 17 करोड़ रुपये से ज्यादा का करीब 33 किलोग्राम सोना जब्त किया। सोना म्यांमार से तस्करी कर भारत लाया गया था। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। डीआरआई के मुताबिक यह अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है।
डीआरआई ने बताया, खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिलीगुड़ी में एक ट्रक पकड़ा गया। ट्रक में बैठे चारों लोग राजस्थान के हैं। गहन पूछताछ में, उन्होंने विदेश से सोने की तस्करी की बात स्वीकार कर ली। ट्रक की तलाशी के दौरान सामान के अंदर छिपाकर रखे सोने के 202 टुकड़े बरामद हुए। सोने का कुल वजन 33.532 किलोग्राम तथा बाजार मूल्य 17.51 करोड़ रुपये है। आरोपियों ने मणिपुर सीमा के रास्ते म्यांमार से सोना लाने और इसे राजस्थान के श्रीगंगानगर पहुंचाने की बात स्वीकार कर ली है।