केई पन्योर जिले के जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बुधवार को जिला परिषद और ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षण का ड्रॉ ऑफ लॉट्स (लॉटरी प्रक्रिया) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया अरुणाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन और महिलाओं के लिए सीट आरक्षण) नियम, 2002 (संशोधित 2019) के प्रावधानों के तहत आयोजित की गई।
यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम जिला उपायुक्त कार्यालय, याचुली के सम्मेलन कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-जिला उपायुक्त श्रीमती श्वेता नगरकोटी मेहता, आईएएस की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। ड्रॉ प्रक्रिया में बोर्ड के सदस्य के रूप में लिका तेजी, ईआरओ-सह-एडीसी, याचुली, डॉ. मुम्ने बोरांग, सहायक आयुक्त, याचुली और श्रीमती तासो यालू, जिला उद्यान अधिकारी, याचुली उपस्थित थीं।
ड्रॉ की प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, पीआरआई सदस्यों, जिला परिषद और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों तथा आम जनता की उपस्थिति में खुले, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न की गई।
बॉक्स अंतिम परिणामों इस प्रकार रहे
-6 जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में से 2 निर्वाचन क्षेत्र 01-याजाली और 02-पिथापूल महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। 192 ग्राम पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों में से 64 क्षेत्र महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं। 46 ग्राम पंचायत अध्यक्ष पदों में से 17 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती श्वेता नगरकोटी मेहता, आईएएस ने महिलाओं के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों को बधाई दी और स्थानीय स्वशासन में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व के महत्व पर बल दिया। वहीं, ईआरओ लिका तेजी ने सभी पीआरआई सदस्यों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और नागरिकों से आगामी पंचायत चुनावों में सहयोग और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत लिका तेजी के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद श्वेता नगरकोटी मेहता, आईएएस ने ड्रॉ प्रक्रिया का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन डॉ. मुम्ने बोरांग, सहायक आयुक्त, याचुली के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी अधिकारियों, पीआरआई सदस्यों, राजनीतिक दलों और उपस्थित जनों का सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।