डॉ. कृष्णमूर्ति सुब्रमन्यम
- फोटो : ISB (Twitter)
डॉ. कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यम को देश का अगला मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) नियुक्त किया गया है। डॉ. कृष्णमूर्ति का मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में तीन साल का कार्यकाल होगा। फिलहाल डॉ. कृष्णमूर्ति इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस हैदराबाद में प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. सुब्रमण्यम ने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से पीएचडी की है। इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक वह बैंकिंग, कॉर्पोरेट अभिशासन व आर्थिक नीतियों के विशेषज्ञ हैं।
एक सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, ‘नियुक्ति मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने डॉ. कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यम की मुख्य आर्थिक सलाहकार के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी।' उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरुआत में अरविंद सुब्रमण्यम के करीब साढ़े चार साल बाद वित्त मंत्रालय को छोड़ने के बाद से मुख्य आर्थिक सलाहकार का पद रिक्त पड़ा था।