मतदाता सूची में ज्वाला गुट्टा का नाम नहीं
- फोटो : ANI
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा आज तेलंगाना में अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाईं। उनका नाम अचानक मतदाता सूची से गायब हो गया। ज्वाला ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें इस बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने कहा,
कई लोग मुझसे सवाल पूछ रहे हैं कि आपने अपना नाम रजिस्टर क्यों नहीं कराया या पहले चेक करना चाहिए था। ऐसे सभी लोगों को मेरा जवाब ये है कि मैंने अपना नाम चेक किया था। उसके बाद ही मैं वोट डालने के लिए गई। जहां मुझे अपना नाम गायब मिला। मेरे पिता और बहन का नाम नहीं था क्योंकि वो रजिस्टर ही नहीं कर पाए थे। मेरा सवाल है कि नाम डिलीट क्यों किए जा रहे हैं। मैं यहां बीते 12 साल से रह रही हूं। अगर ऐसा हो रहा है तो हमें इसकी सूचना दी जानी चाहिए। चार लोगों के परिवार में से सिर्फ मेरी मां ही आज वोट दे पाईं। मैंने करीब 3 हफ्ते पहले ही अपना नाम चेक कर लिया था। ये सभी लोगों के लिए मेरा जवाब है। जो लोग कह रहे हैं कि मैं ऐसा किसी राजनीतिक दल में शामिल होने के लिए कर रही हूं तो दोस्तों, मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने जा रही।
इससे पहले सुबह के वक्त भी ज्वाला ने एक के बाद एक, दो ट्वीट में इस बात पर काफी हैरत जताई थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "ऑनलाइन चेक करने के बाद अपना नाम मतदाता सूची से गायब देखकर हैरान हूं!!"
दूसरे ट्वीट में उन्होंने चुनावों के साफ-सुथरा होने पर भी सवाल उठाया।
ज्वाला के ट्वीट के बाद उनकी टाइमलाइन पर ऐसे ट्वीट्स की बाढ़ आ गई जिनमें मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायत की जा रही थी। हैशटैग WhereIsMyVote के साथ ट्विटर पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज करने लगे।
तेलंगाना चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।