पूरे देश में कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण आज यानि सोमवार से शुरू हो गया है। इस चरण में 60 साल से ज्यादा उम्र और गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि इस चरण में लोग निजी अस्पतालों में भी लोग टीका लगवा पाएंगे। वहीं इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैं भी कल टीका लगवाऊंगा और सभी व्यक्ति को प्रोटोकॉल के हिसाब से ही टीका लगाया जाएगा।
वहीं मीडिया ने जब डॉ. हर्षवर्धन से सवाल पूछा कि विपक्ष का आरोप है कि प्रधानमंत्री ने टीका लगवाने में राजनीति की है। इसका जवाब देते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि अगर गमछा पहनने से चुनाव जीते जाते हैं, तो विपक्ष भी इसे पहन ले। बता दें कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने कंधे पर असम का गमछा रखकर टीकाकरण करवाया। लेकिन विपक्ष ने पीएम पर परिधान को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
इससे पहले डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वैक्सीन के बारे में किसी तरह का कोई संदेह न रखें। इसके साइड इफेक्ट नहीं के बराबर हैं। टीकाकरण के कारण अभी तक मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा टीकाकरण के 4 या 10 दिन बाद किसी की मौत हो जाती है तो इसे टीके को जिम्मेदार नहीं मानें, क्योंकि हर मौत की जांच वैज्ञानिक दृष्टि से की गई है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगाने के एक्सपर्ट्स ने इस बात की पड़ताल की है, अब तक कोरोना की वैक्सीन लगने से एक भी मौत नहीं हुई है।