भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अफगानिस्तान के दौरे पर हैं। इस दौरान सोमवार को उन्होंने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी, चीफ एक्जीक्यूटिव अब्दुल्ला अब्दुल्ला और सैन्य प्रमुखों से मुलाकात की।
देश के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के दौरान डोभाल ने मजबूत सामरिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए विस्तार से चर्चा की। दोनों देश सामरिक सहयोग को और मजबूत करने पर राजी हो गए हैं।
यहां जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि साझा उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए रणनीतिक वार्ता और परामर्श को और मजबूत बनाने के लिए सहमति व्यक्त की गई थी। इस दौरान द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने पर चर्चा हुई।
डोभाल ने अपने समकक्ष हनीफ अत्मार के साथ पारस्परिक हितों के वैश्विक और क्षेत्री मसलों समेत द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थायित्व के लिए द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सहयोग के महत्व को आगे बढ़ाने को राजी हो गए हैं।