हैदराबाद के लालापेट क्षेत्र में एक मकान की छत पर एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट के दरवाजे का हिस्सा टूटकर जा गिरा। जिससे इलाके में दहशत मच गई। हालांकि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि यह एयरक्राफ्ट तेलंगाना स्टेट एविएशन एकेडमी (टीएसएए) का था। घटना देर शाम की थी और तेज आवाज से घबराकर स्थानीय लोग घरों से बाहर आ गए।
घटना के तुरंत बाद ही दोनों चालकों ने डायमंड-ए 42 एयरक्राफ्ट को सुरक्षित नीचे उतार दिया। टीएसएए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के वायु सुरक्षा प्राधिकरण द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पायलटों के मुताबिक, दरवाजे का एक हिस्सा टूटकर मकान की छत पर जा गिरा था। चार सीटों वाले इस एयरक्राफ्ट में एक ट्रेनी पायलट व एक प्रशिक्षक था।