एक दिन पहले पाकिस्तान के खिलाफ खासा सख्त रुख अपनाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर तीखे तेवरों में हैं और इस बार उनका निशाना बने हैं पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा। ट्रंप ने ईरान मुद्दे पर पूर्व राष्ट्रपति की नीतियों को मूर्खतापूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी वजह से आतंकवाद को और बढ़ावा मिला।
ट्रंप ने इस मुद्दे पर एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए कहा कि- ईरान के लोग आखिरकार अपने देश के क्रूर और भ्रष्ट शासन से आजिज आ चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने मूर्खतापूर्ण तरीके से जो भी धन उन्हें दिया वो सब आतंकवाद और उनकी जेब में गया। जिसकी वजह से आज भी ईरान के लोग थोड़े भोजन और मानवाधिकारों के उल्लंघन से जूझ रहे हैं। अमेरिका यह सब देख रहा है।
ट्रंप यहीं नहीं रुके उन्होंने पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री और राष्ट्रपति चुनाव में अपनी प्रमुख प्रतिद्वंदी रही हिलेरी क्लिंटन पर भी जमकर निशाना साधा। ट्रंप ने ट्वीट करते हुए कहा- कुटिल हिलेरी क्लिंटन की नजदीकी हुमा अबेदिन मूल सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने की आरोपी रही हैं।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि- उन्होंने खास पासवर्ड विदेशी एजेंटों के हाथ में दे दिए। आपको याद है पनडुब्बी पर नाविकों की तस्वीर, जेल। राज्य न्याय विभाग जरूर इस पर कार्रवाई करेगा।