राष्ट्रपति भवन में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सम्मान में आयोजित भोज के लिए विशेष व्यंजन बनवाए गए थे। इसमें शाकाहार के साथ मांसाहार को भी शामिल किया गया था। शाकाहार में मुख्य रूप दाल रायसीना, जरखेज जमीन, मौसमी सब्जी, अंजीर मलाई कोफ्ता, देग बिरयानी, शीरमाल, मिस्सी रोटी, नान, तंदूरी रोटी, मैथी कुल्चा आदि शामिल थे। वहीं मांसाहार में दम गोश्त बिरयानी, रोगिनीग्रेवी वाली रान आलिशान को शामिल किया गया था। स्नैक्स के तौर पर काजू स्पाइज्ड सेल्मन (एक तरह की मछली) परोसी गई।
इस दौरान हुए समारोह में इवांका तो एकदम देसी अवतार में नजर आईं। समारोह में इवांका ने पश्चिम बंगाल के सिल्क से बनी खास सफेद शेरवानी पहनी, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रही। इसे भारतीय फैशन डिजाइनर अनिता डोंगरे ने तैयार किया था। डोंगरे ने अपने इंस्टाग्राम पर शेरवानी पहने इंवाका की तस्वीर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
यह शेरवानी मुर्शिदाबाद के सिल्क को हाथों से बुनकर तैयार की गई थी। डोंगरे ने बताया, यह डिजायन हमने 20 साल पहले तैयार किया गया और आज भी खूबसूरती के साथ प्रासंगिक बना हुआ है। इससे पहले सोमवार को मेलानिया ट्रंप के जंपसूट में भी भारतीय अक्स नजर आया था। उनकी कमर पर बंधा हरे रंग का कपड़ा भारतीय सिल्क और सोने के तारों से बना था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। अपनी पहली भारत यात्रा पर आए ट्रंप ने इस दौरान ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण भी किया।
राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप और मेलानिया की अगवानी की। इसके बाद ट्रंप ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में तीनों सेनाओं की मिलीजुली टुकड़ी के ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया।
मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में आयोजित हुए समारोह में ट्रंप की पुत्री इवांका, दामाद जेरेड कश्नर समेत की अमेरिकी अधिकारी मौजूद थे। वहीं, भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन कार्यक्रम में शामिल हुए।