रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने लोगों को बेचैन न होने की सलाह देते हुए कहा है कि बैंकों में पर्याप्त कैश उपलब्ध हैं। साथ ही उसने लोगों को सलाह दी है कि वे घर में कैश जमा करने के लिए बार-बार बैंकों और एटीएम का चक्कर न लगाएं।
आरबीआई की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि लोग बेचैन न हों और बार-बार एटीएम के चक्कर न लगाए। रिजर्व बैंक और अन्य बैंकों में पर्याप्त कैश है और उन्हें जब जरूरत होगी पैसा मिल जाएगा। बयान रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर आर. गांधी की ओर से जारी किया गया।
अपने बयान में उन्होंने कहा है कि रिजर्व बैंक आम लोगों को आश्वस्त करना चाहता है कि आरबीआई और अन्य बैंकों में छोटी राशि के नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। ऐसे में लोगों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। इन सबके बावजूद देशभर में बैंकों और एटीएम पर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। देश के कुल दो लाख एटीएम में से 1.2 लाख एटीएम से कुछ ही घंटों में कैश खत्म होने से लोग दिनभर परेशान रहे।