जजो के नियुक्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को फटकारते हुए कहा कि वह सिफारिश के बावजूद जजों की नियुक्ति नहीं कर रही है और 9 महीने से एक ही फाइल लिए बैठी है। देश की सर्वोच्च अदालत ने कहा, 'इसे नाक का सवाल न बनाएं।'
विधायिका और न्यायपालिका के बीच जजों की नियुक्ति को लेकर जारी विवाद में अदालत और सरकार अब तक यह तय नहीं कर पाए रहे हैं कि जजों को नियुक्त करने की नई प्रक्रिया क्या हो। मुख्य न्यायधीध टीएस ठाकुर ने कहा, ' आप (सरकार) संस्थाओं को दो पाटों के बीच नहीं पीस सकते। हम बेहद धैर्य के साथ काम कर रहे हैं। हम ऐसी स्थिति नहीं चाहते जहां संस्था (न्यायपालिका) तबाह हो जाए और अदालतों में ताले लग जाएं।'
अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी से कोर्ट ने कहा, ' आप हमारी सिफारिशों को लेकर ऐसी ही नहीं बैठे रह सकते, इसे नाक का प्रश्न न बनाएं।'