Sunita Williams Return: अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से धरती पर लौट रही हैं। वहीं उनके सुरक्षित वापसी को लेकर गुजरात में उनके परिजन यज्ञ-हवन और भजन कीर्तन कर रहे हैं। जबकि उनके पैतृक गांव में दिवाली जैसी खुशी देखी जा सकती है।
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स नौ महीने बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से धरती पर लौट रही हैं। वहीं गुजरात में मौजूद उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर है। उनके चचेरे भाई दिनेश रावल ने बताया कि पूरे परिवार ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए यज्ञ किया और कई मंदिरों में प्रार्थना की।
विज्ञापन
पूरा परिवार कर रहा बेसब्री से इंतजार- दिनेश रावल
दिनेश रावल ने कहा, 'यह हमारे लिए गर्व का पल है। पूरा परिवार उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। उनके आने की खुशी में हम मिठाइयां बांटेंगे और खास पूजा-अर्चना करेंगे'। नासा के अनुसार, सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर समेत चार अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन फ्रीडम कैप्सूल से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। वे मंगलवार शाम को समुद्र में उतरेंगे।
आठ दिन का सफर नौ महीने में बदला?
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से आईएसएस पहुंचे थे। वहीं तकनीकी खराबी के कारण स्टारलाइनर को सितंबर में बिना क्रू के वापस भेज दिया गया। जिस वजह से सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को आईएसएस में नौ महीने तक रुकना पड़ा। अब वे स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से वापस लौट रहे हैं।
सुनीता विलियम्स के पैतृक गांव में दिवाली जैसी खुशी
वहीं गुजरात के मेहसाणा जिले के झुलासन गांव में सुनीता विलियम्स की वापसी को लेकर जश्न का माहौल है। वहां के लोग दीये जलाकर, मंदिरों में प्रार्थना कर और यज्ञ कर उनकी सुरक्षा की कामना कर रहे थे। गांव में उनके चचेरे भाई नवीन पंड्या ने बताया कि उनकी वापसी के मौके पर भव्य जुलूस निकाला जाएगा और अखंड ज्योत (अनवरत जलने वाला दीपक) देवी डोला माता को अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा, 'हमने मंदिर में भजन-कीर्तन और विशेष पूजा का आयोजन किया है। गांव के लोग चाहते हैं कि सुनिता विलियम्स अपने पैतृक गांव आएं और हम सबके बीच कुछ समय बिताएं'।