ट्रेन में कुत्ते ने यात्री को काटा
दिल्ली से मथुरा होकर लखनऊ की ओर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री को कुत्ते ने काट लिया। मुरादाबाद के निकट ट्रेन को रोकने की कोशिश की गई लेकिन नहीं रुकी, यात्री ने कंट्रोल को शिकायत की तो बरेली में उपचार के लिए 20 मिनट तक ट्रेन रुकी। यहां पर उपचार के बाद ही ट्रेन को लखनऊ की ओर रवाना किया गया।
दिल्ली से 36 वर्षीय यात्री राहुल राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा के लिए सवार हुए। वह मुरादाबाद से पहले टायलेट गए। टायलेट के अंदर का दरवाजा खोला और अंदर घुसे तो वहां बैठे कुत्ते पर उनका पांव पड़ गया और कुत्ते ने उनको काट लिया और खून बहने लगा। उसी समय उन्होंने कोच कंडक्टर को ट्रेन रुकवाकर इलाज करवाने का अनुरोध किया। कंडक्टर और राहुल ने मुरादाबाद में ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
उसी समय कंट्रोल को सूचना दी गई, जिसके आधार पर ट्रेन बरेली में रोकी गई और यहां पर तैनात आपातकालीन चिकित्सक को प्लेटफार्म पर मौजूद रहने के निर्देश दिए। ट्रेन रुकते ही यात्री राहुल को उपचार के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर आपात कक्ष में लाया गया, जहां पर उनका चिकित्सकों की टीम ने उपचार किया। उपचार होने के बाद ही ट्रेन लखनऊ की ओर रवाना हुई।
राजधानी के कोच के टायलेट में कुत्ते के घुसे होने की शिकायत यात्री राहुल ने शिकायत पुस्तिका में दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि राजधानी जैसी ट्रेन के टायलेट में कुत्ते का बैठे रहने की जांच कराई जाए। दूसरी ओर रेलवे स्टाफ का कहना है कि ट्रेन के दिल्ली से रवाना होने के वक्त या फिर कुछ समय के लिए ट्रेन गाजियाबाद के आसपास रुकी थी, उस समय कुत्ता ट्रेन में घुस गया होगा।