यदि आपके घर में पालतू कुत्ता है और वह पड़ोसियों को पसंद नहीं करता है तो आपको सावधान होने की जरूरत है। वरना आपको जेल तक जाना पड़ सकता है। ऐसा ही कुछ हुआ गुजरात के अहमदाबाद में। यहां 49 साल के भरेश पांड्या को स्थानीय अदालत ने गुरुवार को एक साल जेल की सजा सुनाई है क्योंकि उनके कुत्ते ने चार पड़ोसियों पर हमला कर दिया था।
पांड्या का डॉबरमैन कुत्ता जिसका नाम शक्ति है उसने साल 2012 से 2014 के बीच घोडासर की अशापुरी सोसाइटी में चार पड़ोसियों पर हमला किया। कुत्ते ने तीन बच्चों और एक वयस्क अविनाश पटेल पर हमला किया। जिसने पांड्या के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पटेल ने इसानपुर पुलिस स्टेशन में फरवरी 2014 में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुत्ते के हमले के कारण वह नीचे गिर गए और उनकी हड्डियां टूट गई। इससे पहले कुत्ता उनके बेटे जय, भतीजे तक्षिल और अन्य बच्चे व्योम कायस्थ को काट चुका है।
भरेश पांड्या पर जानवर के मामले में लापरवाही बरतने के लिए मामला दर्ज किया गया था। जिसने आवासीय कॉलोनी में दूसरों की जिंदगी खतरे में डाली और उन्हें गंभीर चोट पहुंचाई। उन्होंने खुद को दोषी मानने से इनकार करते हुए ट्रायल की मांग की। अदालत में 15 गवाहों ने गवाही दी।