स्वतंत्रता दिवस से पहले केंद्र सरकार ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे प्लास्टिक से बने राष्ट्रीय ध्वजों का इस्तेमाल नहीं करें। साथ ही सरकार ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वह राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित संहिता का सख्ती से पालन करें।
राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को जारी एडवायजरी में गृहमंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है और इसलिए इसे सम्मान मिला हुआ है, जिसका ध्यान रखा जाना जरूरी है।
मंत्रालय ने कहा कि महत्वपूर्ण मौकों पर यह देखा गया है कि कागज के बने ध्वजों की जगह प्लास्टिक के बने झंडे नजर आते हैं। कागज की तुलना में प्लास्टिक के ध्वज बायोडिग्रेडेबल नहीं हैं। इसलिए इनका प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।