डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) ने केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की ओर से अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक और कॉपीराइट के अंतः संबंधों की समीक्षा करने की पहल का स्वागत किया है। इसी के साथ डीएनपीए ने इससे जुड़े मामलों में हितधारकों के सुझावों और चिंताओं को आमंत्रित करने की सरकार के कदम की भी सराहना की है।
डीएनपीए की ओर से जारी बयान के मुताबिक, "संगठन मजबूती से यह मानता है कि डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स की सामग्री को बिना उनकी अनुमति के एआई ट्रेनिंग और जेनरेटिव एआई एप्लिकेशन्स (जैसे कि सर्च असिस्टेंस या जानकारी संग्रहण) के लिए इस्तेमाल करना कॉपीराइट का उल्लंघन है। "
'कंटेंट प्रोड्यूसर्स को उचित मुआवजा मिलना जरूरी'
संगठन ने इस बात पर भी जोर दिया है कि डिजिटल परिदृश्य में 'कंटेंट प्रोड्यूसर्स' के अधिकारों को मान्यता दी जानी चाहिए और उन्हें उचित मुआवजा भी मिलना चाहिए। डीएनपीए ने कहा कि भारत सरकार की तरफ से इस दिशा में उठाया गया कोई भी कदम देश में डिजिटल न्यूज मीडिया क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बेहद जरूरी है।
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन ने यह भी कहा कि वह मंत्रालय के साथ मिलकर ऐसा संतुलित और न्यायसंगत ढांचा तैयार करने के लिए तैयार है, जिसके जरिए कंटेंट प्रोड्यूसर्स को उचित मुआवजा मिले और साथ ही एआई मॉडल्स को बनाने और उनका विकास भी संभव हो।
डीएनपीए के बारे में जानिए
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (DNPA), प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के भारत के शीर्ष 18 प्रकाशकों की डिजिटल इकाइयों का संगठन है। डीएनपीए के अहम लक्ष्य डिजिटल इंडस्ट्री में डिजिटल समाचार प्रकाशकों को प्रोत्साहन, सहयोग, प्रचार, संरक्षण देना और उनके हित संरक्षित रखना है। साथ ही, सरकार, नियामक प्राधिकरणों, उद्योग संगठनों व अन्य संगठनों के बीच प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से डिजिटल समाचार प्रकाशकों के हितों को प्रोत्साहित और संबंधों को मजबूत करना प्रमुख उद्देश्य हैं।
इसके अलावा संस्था ऐसे समाधानों पर काम करती है, जो पूरे उद्योग को मदद करें। जैसे फेक न्यूज को मिलजुल कर नियंत्रित करना और तथ्यों को जांचने के तरीके तलाशना।