डीएमके नेता और लोकसभा सांसद टी आर बालू ने मंगलवार को तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को हटाने की मांग को लेकर डीएमके सांसदों और समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को पत्र लिखा। पत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राज्यपालको तत्काल प्रभाव से हटाने की भी मांग की है।
पत्र में उन्होंने लिखा कि प्रिय सांसद गण, डीएमके और समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के सांसदों से आग्रह है कि कृपया अन्ना अरिवलैयम मुख्यालय एक बार आएं और तमिलनाडु के राज्यपाल को तत्काल प्रभाव से हटाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम लिखे गए ज्ञापन को पढ़ें और हस्ताक्षर करें। कृपया तीन नवंबर से पहले ज्ञापन पर हस्ताक्षर करें।
राज्यपाल पर भाजपा को खुश करने का आरोप
तमिलनाडु में डीएमके पार्टी के नेताओं और राज्यपाल आर एन रवि के बीच कई बार मतभेद की खबरें आई थी। डीएमके ने राज्यपाल पर भाजपा को खुश करने का आरोप लगाया था। साथ ही राज्यपाल ने तमिल नव वर्ष के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था जिसक डीएमके और उसके सहयोगियों ने बहिष्कार किया था।
रबर स्टैंप की तरह काम कर रहे राज्यपाल
एएनआई से बात करते हुए, डीएमके के प्रवक्ता, सरवनन ने कहा कि राज्यपाल संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं। वह तमिलनाडु के लोगों की इच्छा को नकार रहे हैं। जब संविधान कहता है कि उनको संविधान के अनुसार काम करना है, तो राज्यपाल को करना होगा। आगे उन्होंने कहा कि वह एक रबर स्टैंप है। निर्वाचित सरकार होने पर चीजों की संवैधानिक योजना में उनकी कोई अन्य भूमिका नहीं है।