कर्नाटक में चुनाव नजदीक आने के बाद कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर माथापच्ची जारी है। वहीं इस मामले पर अब कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि अप्रैल-मई में संभावित विधानसभा चुनाव में पार्टी के सत्ता में आने की स्थिति में पार्टी आलाकमान तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा? शिवकुमार ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी इसपर फैसला करेंगे। वे जो भी फैसला करेंगे वह हमारे लिए प्रसाद जैसा है।
सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच सीएम उम्मीदवार को लेकर दावेदारी
जैसे-जैसे कर्नाटक में चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार परोक्ष रूप से खुद की अपनी दावेदारी पेश करते नजर आते हैं। हालांकि, मीडिया के सामने दोनों नेता इस मामले पर बयानबाजी से बचते नजर आते हैं। कभी-कभी सदन में दोनों गुटों के समर्थकों के बीच मतभेद भी देखा जा रहा है।
डीके शिवकुमार ने भाजपा पर बोला हमला
महादयी नदी जल मुद्दे पर भाजपा को 'झूठ का विश्वविद्यालय' करार देते हुए शिवकुमार ने कहा कि साढ़े तीन साल तक वे (भाजपा) महाराष्ट्र में अपनी सरकार के बावजूद कुछ नहीं कर सके। हमारे अधिकांश विधायक गोवा में 'ऑपरेशन लोटस' के माध्यम से सत्ता में हैं और वहां भी सत्ता में हैं, जैसा कि उन्होंने यहां कर्नाटक में किया था।