कर्नाटक कांग्रेस के नेता और मंत्री डी शिवकुमार का अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह विषाक्त भोजन खाने की वजह से बीमार हैं। अस्पताल में उनसे मिलने के लिए मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और मंत्री बंदेप्पा कशेमपुर पहुंचे थे। उनपर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन का एक मामला दर्ज किया है। इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि यह मामला कथित कर चोरी और हवाला लेनदेन मामले के आधार पर दर्ज किया गया है।
अस्पताल में भर्ती होने से पहले अपने खिलाफ ईडी द्वारा दर्ज किए मामले पर बोलते हुए
शिवकुमार ने बुधवार को भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। उन्होंने खुद का शोषण करने और राज्य में सत्तासीन कांग्रेस-जेडीएस सरकार को नीचे गिराने का आरोप भी भाजपा पर लगाया। खुद को बेकसूर बताते हुए उन्होंने कहा कि वह हवाला लेन-देन में शामिल नहीं थे और वह केंद्रीय एजेंसियों के किसी भी तरह के शोषण का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि वह बेकसूर साबित होंगे।
डीके शिवकुमार का यह बयान भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा की मांग के बाद आया। पात्रा का कहना था कि कांग्रेस नेता ने आयकर विभाग को दिए अपने कबूलनामे में इन बातों को स्वीकार किया था कि उनके कथित सहयोगी ने हवाला नेटवर्क के जरिए कांग्रेस मुख्यालय को पैसे हस्तांतरित किए थे। पात्रा ने कांग्रेस नेताओं से मिली डायरियों का जिक्र करते हुए दावा किया था कि 600 करोड़ रुपये सोनिया गांधी और
राहुल गांधी सहित दूसरे लोगों के अकाउंट में जमा करने की एंट्री मिली है।
पात्रा ने इस मामले में सोनिया और राहुल को सामने आकर जवाब देने के लिए कहा था। इसके जबाव में शिवकुमार ने कहा, 'वह केवल सोनिया और राहुल के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनके नाम कहां हैं? मैं यह साफ करना चाहता हूं कि उसमें राहुल और सोनिया का नाम नहीं है। वह किसी तरह भी जुड़े नहीं हैं। वह बेवजह हमारे नेताओं के नाम को खराब कर रहे हैं। ईडी को मुझे बुलाने दीजिए।'
भाजपा के प्रवक्ता पर पलटवार करते हुए शिवकुमार ने कहा था कि वह इस विवाद में कांग्रेस नेताओं का नाम घसीट रहे हैं। उन्होंने कहा, 'बेवजह वह मेरी पार्टी के नेताओं को इस विवाद में ला रहे हैं। मैंने अपनी पार्टी या उसके नेताओं को कोई पैसा नहीं दिया है। यदि ऐसा कुछ है तो वह मैं और मेरी पार्टी है। उन्हें मुझसे पूछना चाहिए। मैं उन्हें जवाब दूंगा। मैं अपने भाजपा दोस्तों को कई जवाब नहीं देना चाहता।' कांग्रेस नेता ने अपने शोषण के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे राज्य में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करार दिया।