दीलीप कुमार को मिल चुका है पद्म सम्मान
- फोटो : Getty
सांस लेने संबंधी समस्या से जूझ रहे अभिनेता दिलीप कुमार की सेहत में सुधार हो रहा है। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार उन्हें चार दिन और अस्पताल में रहना होगा। 93 वर्षीय दिलीप कुमार को शनिवार को सुबह बांद्रा के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनकी देखभाल कर रहे डॉ जलील पारकर ने कहा कि ‘वह अस्पताल आने के बाद से काफी बेहतर हैं। उनकी सेहत सुधर रही है।’ पारकर के अनुसार, हो सकता है उन्हें चार-पांच दिन और अस्पताल में रहना पड़े।
दिलीप कुमार की पत्नी अभिनेत्री सायरा बानो ने पहले कहा था कि उन्हें तेज बुखार, सीने में संक्रमण और सांस संबंधी समस्या के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सायरा ने कहा कि ‘डॉक्टरों की सलाह थी कि आईवी इंजेक्शन जितनी तेजी से असर करेंगे, उतनी तेजी से दवाएं नहीं करेंगी। इसलिए उन्हें अस्पताल लाना जरूरी हो गया था। उनकी हालत में सुधार हो रहा है और खुदा के शुक्र से हालत स्थिर है।’
दादा साहब फाल्के और पद्म विभूषण से सम्मानित हो चुके दिलीप कुमार ने ‘मधुमति’, ‘मुगले आजम’, ‘देवदास’, ‘गंगा जमुना’, ‘राम और श्याम’ और ‘कर्मा’ समेत अनेक सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार ने आखिरी बार 1998 में रिलीज हुई ‘किला’ में अभिनय किया था।
अमिताभ बच्चन ने किया ट्वीट
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने रविवार को बताया कि दिलीप कुमार अब पहले से बेहतर हैं। बच्चन ने बताया कि उन्होंने सायरा बानो से उनके पति की सेहत के बारे में बातचीत की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘सायराजी ने मुझे बताया कि वह अच्छे हैं। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’